अलीगढ़ में टप्पल थाना क्षेत्र के जैदपुरा गांव में गुरुवार सुबह एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। 35 वर्षीय देवेन्द्र उर्फ कलुआ पुत्र राजेन्द्र सिंह अपने सर्विस स्टेशन पर मृत पाए गए। पुलिस को मौके पर मृतक के हाथ में एक तमंचा मिला और गनशॉट रेजिड्यू (जीएसआर) भी पाया गया।
थाना टप्पल अंतर्गत आज सुबह ग्राम जैतपुरा में एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तो यह पाया कि एक व्यक्ति जिनका नाम देवेन्द्र उम्र 35 वर्ष को गोली लगी है और वह मृत अवस्था में चारपाई पर हैं। उनके हाथ में तमंचा भी है । तत्काल फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया, फील्ड यूनिट द्वारा गहन जाँच व परीक्षण किया गया तो उनके हाथ पर जीएसआर भी मौजूद है । सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है । पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की भी कार्रवाई की जा रही है । परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जायेगी । मौके पर शांति है ।- अभिषेक कुमार पटेल, क्षेत्राधिकारी खैर
पारिवारिक स्थिति
देवेन्द्र अपने पीछे पत्नी निशा को छोड़ गए हैं। उनकी सात वर्षीय बेटी उन्नति और पांच वर्षीय बेटा मानू भी हैं। इस घटना के बाद से परिवार में गहरा कोहराम मचा हुआ है। परिवार के सदस्य इस दुखद घटना से सदमे में हैं।