गोंडा-इगलास मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर अनियंत्रित स्कार्पियो एक कॉलेज के सामने दुकान के बाहर खड़े दो लोगों को टक्कर मारते हुए दुकान जा टकराई। इसमें पिता-पुत्र सहित चार लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक के मामूली चोट आई है। हादसा होते ही स्कॉर्पियो सवार भाग निकले। पिता-पुत्र को परिजन अलीगढ़ ले गए हैं, जबकि दो अन्य घायल जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए हैं।
गोंड के इगलास मार्ग पर गांव ढांड के समीप स्थित एक कॉलेज के सामने सामने कैलाश चंद्र की दुकान है। शुक्रवार को दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे कैलाश चंद्र और उनका बेटा कुलदीप दुकान के बाहर टिनशेड के नीचे बैठे थे। गोंडा से दवा लेकर लौट रहे शिवम निवासी कैमथल, सचिन निवासी सलेमपुर व रणदीप निवासी नगला पोदा, सादाबाद वहां रुक गए थे। सचिन दुकान पर कोल्ड ड्रिंक लेने लगे और शिवम और रणदीप दुकान के किनारे खड़े होकर मोबाइल पर बातें कर रहे थे।
इसी दौरान गोंडा की ओर से आई अनियंत्रित स्कॉर्पियो रणदीप व शिवम को टक्कर मारते हुए सीधे दुकान से जा टकराई। इसमें कैलाश चंद्र, कुलदीप के गंभीर चोटें आईं, वहीं सचिन मामूली रूप से चुटहिल हुए। हादसे में कैलाश चंद्र और उनके पड़ोसी की दीवार चटक गई।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पहुंच गए। कैलाश चंद्र और कुलदीप को परिजन अलीगढ़ ले गए हैं। रणदीप व शिवम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे में क्षतिग्रस्त स्कार्पियो को पुलिस ने खिंचवाकर थाने में खड़ा कराया है।