अलीगढ़ के दादों थाना अंतर्गत आलमपुर-अतरौली मार्ग पर गांव तोछी के पास 29 नवंबर की रात करीब आठ बजे एक कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर किनारे एक पेड़ से जा टकराया। हादसे में चालक और क्लीनर की मौत हो गई। दोनों बिहार से कंटेनर में स्क्रैप लादकर अपने गांव भमोरी खुर्द लौटे थे, जहां कुछ समय रुकने के बाद मेरठ जा रहे थे।
गांव भमोरी खुर्द के प्रधान पुष्पेंद्र यादव ने बताया कि गांव निवासी छोटेलाल उर्फ लोकेंद्र (28) पुत्र रामेश्वर चालक और महेश (35) पुत्र सरवन सिंह दो वर्ष से एक निजी कंपनी के कंटेनर में चालक और क्लीनर थे। बिहार से कंटेनर में स्क्रैप लादकर मेरठ जा रहे थे। रास्ते में पड़ने के कारण दोनों गांव आ गए थे जहां से 29 नवंबर की रात करीब आठ बजे मेरठ के लिए निकले थे।
पाली मुकीमपुर थाना क्षेत्र के गांव तोछी स्थित एक निजी आईटीआई कॉलेज के समीप अनियंत्रित होकर कंटेनर सड़क से नीचे उतरा और पेड़ से जा टकराया। हादसे में चालक-क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली भेजा जहां छोटेलाल को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया गया। क्लीनर महेश को जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ग्राम प्रधान पुष्पेंद्र यादव को सूचना दी, जिसके बाद वह परिजनों के साथ अतरौली पहुंचे।
छोटेलाल अपने पीछे पत्नी और तीन बेटे जबकि महेश पत्नी, एक बेटी और एक बेटे सहित परिवार के अन्य सदस्यों को रोता छोड़ गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव का गांव में अंतिम संस्कार किया गया। दो युवकों की मौत से गांव भमोरी खुर्द में मातम पसरा है। घमंडी सिंह यादव, अरविंद यादव, भूपेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, मुकेश यादव, मनोज यादव आदि ने गांव पहुंचकर मृतक के परिजन को ढाढ़स बंधाया।