अलीगढ़ के मडराक में 16 दिसंबर को आरएसएस कार्यवाह पर हमला कर बाइक लूटने वाले हमलावरों की पहचान हो गई है। कानपुर नगर के रहने वाले दो युवकों ने संघ कार्यवाह पर हमला किया था। पुलिस ने लूटी हुई बाइक बरामद कर ली है, जबकि दोनों अभियुक्त अभी फरार हैं।
मडराक के मुकुंदपुर निवासी नवनीत को गोली मार कर मोटरसाइकिल लूट की घटना में एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी इगलास, थाना मडराक, स्वाट व सर्विलांस टीमों का गठन किया था। पुलिस को 48 घण्टे के अंदर मामले में बड़ी सफलता मिली है।
100 से अधिक सीसीटीवी चेक कर पुलिस ने सासनी गेट के सांई वाटिका फेज 2 के मकान नं 11 से बिना नम्बर प्लेट की एक मोटरसाइकिल मिली है, यह मोटरसाइकिल नवनीत के परिचित लोकेन्द्र की है, जिसे घटना वाले दिन नवनीत चला रहा था। घटना में प्रयुक्त बोलेरो पर लगी फर्जी नम्बर प्लेट UP 81 CK 5532 भी बरामद की गई है ।
ये हैं अभियुक्त
संघ कार्यवाह पर बोलेरो से हमला बोल कर बाइक लूटने वालों की पहचान आशीष वर्मा पुत्र ब्रह्मानंद एवं राजू वर्मा पुत्र ब्रह्मानंद निवासी बर्रा, कानपुर नगर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में सासनी गेट के सांई वाटिका फेज 2 के मकान नं 11 में रहते हैं। अभी दोनों अभियुक्त फरार हैं।
ऐसे हुई थी घटना
मडराक निवासी नवनीत अलीगढ़ में राजधानी कॉम्प्लेक्स हाथरस अड्डे पर डॉग फूड स्पलीमेन्ट की दुकान से अपने घर अपाचे मोटरसाइकिल UP81 CW 8073 से जा रहा थे,तो मुकन्दपुर मोड़ पर एक बोलेरो पीछे से आई और मोटरसाइकिल रुकवाकर कमर पर गोली मारी। हमलावर मोटरसाइकिल लेकर भाग गये । घायल को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था ।