आईटीएम कॉलेज में पकड़ा गया सॉल्वर
- फोटो : CITY OFFICE
अलीगढ़ - पलवल हाईवे पर थाना लोधा क्षेत्र के गांव करसुआ स्थित आईटीएम कॉलेज में सोमवार को रेलवे की ग्रुप डी की चल रही परीक्षा में दो सॉल्वर को संदिग्ध हालात में शौचालय में पकड़ लिया। जिनके पास से इलेक्ट्रॉनिक्स डिवायस आदि उपकरण बरामद हुए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना लोधा में सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। कॉलेज में पिछले एक सप्ताह में दूसरी बार यहां से परीक्षा में नकल कराने वाले सॉल्वर पकड़े गए हैं।
आईटीएम कॉलेज करसुआ में सोमवार को रेलवे की ग्रुप डी परीक्षा चल रही थी। पहली पाली में परीक्षार्थी विजय कुमार निवासी नगला खुर्द, जट्टारी और प्रवीन कुमार निवासी गिढ़ौरा- सुबकरा थाना गोंडा परीक्षा दे रहे थे। दोनों परीक्षा के दौरान शौचालय में संदिग्ध हालात में बातचीत कर रहे थे। कॉलेज के आंतरिक सचल दस्ते ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में दोनों के पास से ब्लूटूथ, डिवायस, ईयर फोन, सिम कार्ड आदि इलेक्ट्रॉनिक्स डिवायस बरामद हुए हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नकल कराने के लिए आए थे। इस मामले में परीक्षा के नोडल अधिकारी शुभम वर्मा की ओर से दोनों परीक्षार्थियों के खिलाफ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराकर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। सीओ गभाना मोहसिन खान ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि परीक्षा में सेंधमारी तो नहीं की गई है और पूरे गिरोह में कौन- कौन लोग जुड़े हुए हैं,ताकि पूरे नेटवर्क को खंगाला जा सके।
लोधा क्षेत्र के करसुआ स्थित आईटीएम कॉलेज में पकड़ा गया सॉल्वर।- फोटो : CITY OFFICE