कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला नाई में बुधवार की सुबह अपने भाई की शादी में शामिल होने आईं दो बहनों को चचेरे भाई ने पीटा।आरोपी ने दोनों बहनों पर ट्रैक्टर भी चढ़ा दिया, जिससे एक के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरी भी गंभीर रूप से घायल हुई है। एक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी है।
गांव निवासी राजपाल के बेटे राहुल की बुधवार को बरात जानी थी। शादी में शामिल होने के लिए दो बेटियां रानी और मीरा भी आईं थीं। आरोप है कि इस दौरान राजपाल के परिवार का अपने भाई के बेटे संदीप से कुछ विवाद हो गया। आरोप है कि संदीप उनके परिजनों को पीटने लगा। बीच-बचाव में आईं पुत्रियों को भी संदीप ने नहीं बख्शा। उन दोनों को भी उसने पीटना शुरू कर दिया।
आरोप है कि इस दौरान संदीप ने अपना ट्रैक्टर चालू कर लिया और दोनों बहनों के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को एंबुलेंस से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से रानी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।राजपाल की तहरीर पर पुलिस ने संदीप और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।