गुरुवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे चंडौस कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में चचेरी बहनें अचानक लापता हो गईं। इससे परिवार में अफरातफरी मच गई। काफी खोजबीन के बाद सुबह घर के पीछे बाजरा के खेत में दोनों बेहोशी हालत में मिलीं। दोनों को मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका डॉक्टरी परीक्षण हुआ। उधर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चंडौस थाने का घेराव करते हुए लोगों ने हंगामा काटा। सड़क जाम करने पर अधिकारियों ने समझाकर इसे खुलवा दिया। तीन लोगों पर बहलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। एक आरोपी और दूसरे आरोपी के पिता को पुलिस ने हिरासत में ले रखा है। तीसरा आरोपी फरार है।
बताते हैं कि यह दोनों चचेरी बहनें गुरुवार की रात घर की छत पर एक ही चारपाई पर सोई थीं। इनमें से एक शादीशुदा है। माता-पिता घर के अंदर सोए थे। रात करीब एक बजे पिता ने बेटी को आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर वह छत पर पहुंचे तो दोनों बहनें लापता थीं। उन्होंने परिवार के अन्य लोगों को जानकारी दी और तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार सुबह सात बजे तक दोनों बहनों का पता न चल सका। इस दौरान एक आरोपी युवक भी तलाश में सहयोग का नाटक करता रहा। शक होने पर गांव वालों ने पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। बाद में अपने ही घर के पीछे 100 मीटर दूर बाजरा के खेत में दोनों बहनें बेहोशी हालत में परिवार वालों को मिल गईं।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पीआरवी की गाड़ी में दोनों बहनों को बेहोशी हालत में चंडौस सीएचसी ले जाया गया जहां से मलखान सिंह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर ग्रामीण चंडौस कोतवाली का घेराव कर रिपोर्ट दर्ज करने और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। 10 मिनट तक चंडौस-अलीगढ़ मार्ग जाम रखा। एएसपी शुभम पटेल व एसडीएम गभाना अंजुुम बी ने लोगों को शांत कराते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। दोनों बहनों के बाबा की ओर से गांव के लेखराज उर्फ लेखू, अज्जू खां व भूरा के खिलाफ बहलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। लेखराज को मौके से पकड़ा गया। अज्जू खां के पिता को पुलिस ने बिठा रखा है, जबकि भूरा फरार है।
....................
आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों बेटियों का डॉक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है। डॉक्टरी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। -शुभम पटेल (एएसपी), सीओ गभाना।