विवाद की जानकारी देते हुए रोहन सिंह के मझले बेटे सहदेव बताते हैं कि उनका मकान मुख्य चौराहे के पीछे है। उनके पिता ने मुख्य चौराहे पर करीब ढाई दशक पहले दो प्लाट खरीदे थे, जिनमें से एक पर निर्माण है। दूसरा अभी खाली है। उस प्लाट के सामने मोहकम सिंह का मकान है। इलाके में दबंग छवि के मोहकम सिंह प्रापर्टी का व्यापार करते हैं। वे उस प्लाट पर नीयत रखते हैं। कई बार उसे खुद को बेचने की कह चुके हैं, जिनसे हमारे पिता ने खरीदा था, उन पर भी दबाव बना चुके हैं। इसी खुन्नस में पिछले तीन-चार माह से विवाद व तनातनी चल रही है।
मंगलवार सुबह से शुरू हुआ ताजा विवाद
दोनों परिवारों में झगड़े की नीव मंगलवार सुबह रखी गई। पुलिस जांच में उजागर हुआ है कि मंगलवार सुबह मोहकम परिवार की महिला ने यह आरोप लगाया कि वे अपने प्लाट में कुछ काम कर रही थी। तभी रोहन सिंह लोई ओढक़र प्लाट में झांककर देख रहे थे। तब दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। मोहकम पक्ष की महिलाओं ने रोहन व उनकी पत्नी से खूब भला बुरा कहा था। तब किसी तरह विवाद शांत हो गया था। अब बुधवार को मोहकम पक्ष की महिला ने किसी काम से उनके प्लाट में से बेल का पत्ता तोड़ लिया। इस पर कहासुनी पर विवाद बढ़ गया था। रोहन के बेटे के अनुसार हमला पहले मोहकम पक्ष ने किया। मगर मोहकम पक्ष का आरोप है कि पहले रोहन के बेटों ने हमारे घर पर आकर महिलाओं से अभद्रता की थी।
फायरिंग वीडियो वायरल, पहले से मुकदमे
इस घटना में पथराव, मारपीट व मोहकम सिंह द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। साथ में एसओ जुगेंद्र सिंह के अनुसार मोहकम पक्ष पर पहले से भी मुकदमे हैं। अब यह भी देखा जा रहा है कि वे मुकदमों के बाद भी लाइसेंसी हथियार का प्रयोग किस आधार पर कर रहे हैं।