महानगर के सासनी गेट और गांधीपार्क इलाकों में होली के दिन खुदकुशी की दो अलग-अलग घटनाओं ने परिवारों में कोहराम मचा दिया। दोनों मामलों पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिवार के सदस्यों द्वारा यह कदम उठाए जाने के बाद होली का हुड़दंग मातम में बदल गया। उनके मोहल्लों में भी सन्नाटे का आलम रहा।
पहली घटना में सासनी गेट के सराय हरनारायण निवासी 35 वर्षीय कारपेंटर व्यापारी पुत्र कुंवरपाल मंगलवार की दोपहर दो बजे तक मोहल्ले के अपने दोस्तों संग होली गीतों पर डांस करने के बाद घर चला गया और छत पर कमरे में जाकर पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जब काफी देर बाद भी वह नीचे नहीं लौटा तो पत्नी देखने पहुंची तो आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं आया तो उसने जंगले से झांक कर देखा तो चीख निकल गई। शोरशराबे पर आसपास के लोग आ गए और सूचना पर पुलिस पहुंच गई। शुरुआत में काफी देर तक परिवार वालों ने पोस्टमार्टम के लिए शव नहीं उठने दिया। मगर बाद में पुलिस ने समझाकर शव वहां से पोस्टमार्टम केंद्र भेजा। व्यापारी अपने पीछे चार बच्चे व पत्नी राजकुमारी को रोता बिलखता छोड़कर गया है। इंस्पेक्टर सासनी गेट के अनुसार घर में विवाद से वह परेशान था। होली पर अचानक उसने यह कदम उठाया है। यह बात जांच में सामने आई है।
इधर, गांधीपार्क के मोहल्ला शीशियापाड़ा में 30 वर्षीय पिंकी पत्नी सतेंद्र वाल्मीकि ने होली पर पति से विवाद के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर गांधी पार्क के अनुसार पिंकी के पति व दो बच्चों के पिता सतेंद्र के अनुसार मंगलवार को होली पर उसकी पत्नी ने शराब पी ली थी। इसी बात पर हुए विवाद में उसने यह कदम उठाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा गया है।
इन्होंने की जान देने की कोशिश, हालत नाजुक
विजयगढ़ के की रहने वाली महिला लक्ष्मी देवी पत्नी हरी सिंह देहली गेट के मोहल्ला कटरा स्थित अपने मायके में रह रही है। उसका आरोप है कि उसका पति एक माह से उसके साथ मारपीट कर रहा है। इसी बात से वह मायके आ गई है। अब वह यहां आकर उसे ले जाने की जिद कर रहा था। जबकि वह जाने को तैयार नहीं थी। इसी बात से आहत होकर उसने कीटनाशक दवा पी ली। उसे नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, देहली गेट के शाहजमाल माबूद नगर निवासी मीणा कुमारी पत्नी बब्बू के अनुसार उसके पड़ोसी के बच्चों का आपस में विवाद हो गया था। जहां उसकी बेटी बीचबचाव में पहुंच गई तो पड़ोसी ने उसकी बेटी से हाथापाई कर दी। इस बात से आहत होकर मीणा की बेटी ने घर में आकर खुद को आग लगा ली। इस पर वह गंभीर रूप से झुलस गई। किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।