हरदुआगंज थाना क्षेत्र के जदौला गांव में दो दिन से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। अनुसूचित जाति के एक युवक ने समुदाय विशेष के लोगों पर बाहरी युवक बुलाकर मारपीट करने और पथराव के प्रयास का आरोप लगाया है।
गांव के लवकुश का आरोप है कि उसके मोहल्ले में अधिकतर घर समुदाय विशेष के लोगों के हैं। 27 मई को चार लोग उसके पास आए और रास्ते में खड़ंजा लगवाने के लिए चंदा मांगने लगे। लवकुश ने असमर्थता जताई तो कहासुनी हो गई। उसने पत्नी से मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने तब लवकुश और दूसरे पक्ष के सलमान को शांतिभंग में चालान कर दिया था। लवकुश का आरोप है कि शनिवार सुबह विपक्षियों ने बाहरी लोगों को बुलाया। उन्होंने उसके घर में घुसकर लवकुश को पीटा। बचाने आई पत्नी और पिता के साथ भी मारपीट की गई। इस मामले में थाने पहुंचे 30-35 महिला पुरुष अनुसूचित जाति के लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने चार लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई की। एसएचओ हरिभान सिंह का कहना है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और मामले की जांच कराई जा रही है।