बारिश में करंट की चपेट से दो और जान गईं
- फोटो : अलीगढ़/ब्यूरो
महानगर में बारिश के दौरान रविवार को विद्युत करंट से दो और मौत हुईं। इनमें एक दुर्घटना नगला पटवारी और दूसरी कैलाश गली इलाके में हुई। दोनों मामलों में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
क्वार्सी थाना क्षेत्र के नगला पटवारी निवासी 24 वर्षीय कमरुद्वीन मजदूरी करता था। रविवार की दुपहर वह घर के अंदर बिजली सही कर रहा था। तभी कमरुद्वीन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। चीखपुकार सुनकर आस पास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। गंभीर हालात में स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया। देर शाम उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। खबर मिलते ही क्वार्सी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इधर, देहलीगेट की कैलाश गली निवासी 11 जुनैद पुत्र इस्लाम चार भाईयों में दूसरे नंबर का था। रविवार की दुपहर करीब एक बजे वह अपने दोस्तों के साथ घर से टहलने के लिए निकला था। घर से कुछ दूरी पर ही एक बिजली का पोल लगा है। वहां टीनशेड भी लगा हुआ है। तभी अचानक पोल में करंट आ गया। इसी बीच टीनशेड पर जुनैद ने हाथ रख दिया। इसी बीच जुनैद करंट की चपेट में आकर झुलस गया। हादसा देख आस पास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। गंभीर हालात में परिजन जुनैद को अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।