जिले में जहरीली शराब से मौतों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। छठवें दिन बुधवार को दो और मौत होने से यह आंकड़ा 89 पहुंच गया है। प्रशासनिक स्तर से अभी तक शराब पीने से 35 मौतों की ही पुष्टि की जा रही है। वहीं अब पुलिस प्रशासनिक मशीनरी ने नकली शराब सिंडिकेट की जड़ें काटने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को शराब माफिया रालोद नेता अनिल व सुधीर चौधरी के गोंडा इलाके के दो शीतगृहों को ढहाने के लिए जेसीबी चलना प्रस्तावित है। साथ में अब तक सात माफिया की सूची घोषित करने के लिए तैयार कर ली गई है। एक-दो दिन में इसकी अधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। बाकी नाम जांच में उजागर होने पर बढ़ाए जाएंगे। वहीं प्रशासन ने तय किया है कि जिले के देसी शराब के ठेकों से पुरानी शराब हटाकर मिलावट रोकने के लिए शीशी के बजाय सिर्फ टेट्रा पैकिंग में शराब बिकवाई जाएगी।
पुलिस ने जहरीली शराब बनाने वाले गिरोह के संचालक हाथरस के हसायन निवासी शिवकुमार को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया था, जिससे पूछताछ जारी है। वहीं रिमांड अवधि पूरी होने पर अनिल चौधरी, उसके साथ नरेंद्र को बुधवार को जेल में दाखिल कर दिया गया। वहीं मुनीष व उसके भांजे आकाश को तीन दिन की रिमांड पर बुधवार को जेल से ले लिया गया है। कुछ तथ्य अधूरे रहने के कारण विपिन यादव का एक दिन का रिमांड और बढ़वाया गया है। शिवकुमार का भी तीन दिन का रिमांड मंजूर कराया गया है। पुलिस का प्रयास है कि इन सभी से क्रमवार पूछताछ में इस सिंडिकेट की एक-एक कड़ी तक पहुंचा जाए। अब तक की पूछताछ में एक दर्जन से ज्यादा ऐसे नाम सामने आए हैं, जो इस कारोबार में तरह-तरह से शामिल थे। उन्हें भी पूछताछ के लिए बुलाने और गिरफ्तार करने पर पुलिस टीमें काम कर रही हैं। इसके अलावा बुधवार को जिला प्रशासन ने लोधा के गांव करसुआ और गभाना के कलुवा में दो ठेकों को जेसीबी से ढहाया है।
- जहरीली शराब कांड में लगातार पुलिस प्रशासनिक मशीनरी काम कर रही है। अभी तक सात शराब तस्कर माफिया सूची के लिए चिह्नित किए गए हैं, जिन्हें माफिया घोषित किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य कार्रवाई भी जारी हैं। साथ ही निर्णय लिया है कि जिले में देशी शराब के ठेकों पर अब शीशी के बजाय सिर्फ टेट्रा पैकिंग की शराब बिकवाई जाएगी।
- चंद्रभूषण सिंह, जिलाधिकारी
- जहरीली शराब कांड को लेकर पुलिस गिरफ्तारी, विवेचना और निरोधात्मक कार्रवाई अभियान छेड़े हुए है। अब तक 34 के करीब लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब इन पर तेजी से गैंगेस्टर एक्ट की प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है। पूछताछ में जो नए नाम सामने आ रहे हैं, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कराया जाएगा।
-कलानिधि नैथानी, एसएसपी
- जहरीली शराब मामले में अब तक 89 शवों के पोस्टमार्टम कराए जा चुके हैं, जिनमें से 35 लोगों की शराब पीने से मौत की पुष्टि हुई है। बाकी की रिपोर्ट आगरा विधि विज्ञान प्रयोगशाला से मिलेगी, उसके अध्ययन के बाद ही तय किया जाएगा।
- डॉ. बीपी कल्याणी, सीएमओ