बरौला बाईपास रोड स्थित नगर निगम निराश्रित एवं बेसहारा गौवंश आश्रय स्थल में गाय की मौत के बाद दूसर
- फोटो : amar ujala
बरौला बाईपास स्थित नगर निगम की गोशाला (निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश आश्रय स्थल) में दो और गायों की मृत्यु हो गई है। दो दिन में मृत गायों की संख्या बढ़कर 7 तक पहुंच गई है। एक सांड की हालत गंभीर है। नगर निगम प्रशासन द्वारा पूरे प्रकरण की जांच कराने पर विचार किया जा रहा है। नगर आयुक्त प्रेमरंजन सिंह के आने का इंतजार किया जा रहा है।
बरौला बाईपास स्थित गोशाला में सोमवार को 5 गायों की मौत हुई थी। दर्दनाक घटना के बाद पशु चिकित्सकों द्वारा बीमार गायों का उपचार किया जा रहा है। इसी बीच मंगलवार को एक-एक कर दो बीमार गायों की मृत्यु से नगर निगम के अधिकारियों की सांसे अटक गई हैं। एक सांड की हालत गंभीर है। कुछ अन्य बीमार गायों का उपचार चल रहा है। मंगलवार सुबह सहायक नगर आयुक्त राजबहादुर सिंह सहित नगर निगम के कई अधिकारी गोशाला में जाकर वहां की व्यवस्थाओं को ठीक कराने में जुटे रहे।
साफ-सफाई से लेकर टूटी रेलिंग को ठीक कराया जा रहा है। गोशाला में कुल 123 गाय एवं सांड थे, जिसमें से 7 की मौत हो चुकी है। सहायक नगर आयुक्त राजबहादुर सिंह ने बताया कि एक गाय का पोस्ट मार्टम हुआ है। उसके पेट से 25 से 30 किलोग्राम पॉलिथीन निकली है।
उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त आज रात तक आने वाले हैं। इस मामले की जांच कराए जाने की संभावना है। जो भी दोषी पाए जाएंगे उनको कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। सात गायों की मौत के बाद जिलाधिकारी एवं जन प्रतिनिधियों ने भी नगर निगम से इस संबंध में जानकारी ली है।
गाय के पेट से निकली 30 किलो पॉलिथीन
बरौला बाईपास स्थित गोशाला में मृत एक गाय का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया। उसके पेट से 25 से 30 किलोग्राम पॉलिथीन निकली है। गोशाला के पशु चिकित्सक डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि मौत का कारण पेट में अत्यधिक मात्रा में पॉलिथीन है। नगर निगम के अधिकारी भी मौत का कारण पॉलिथीन को मान रहे हैं।