अकराबाद थाना क्षेत्र में कास्मेटिक व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम देकर भागे दो बदमाशों को पुलिस ने एक शादी समारोह से गिरफ्तार कर लिया। क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग देहात और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। शुक्रवार को पुलिस ने घटना का खुलासा किया।
घटना बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है, जब गंगीरी-पनैठी मार्ग पर गांव कासिमपुर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने गंगीरी क्षेत्र के गांव बढ़ारी निवासी कास्मेटिक व्यापारी ओमवीर को निशाना बनाया। बदमाश व्यापारी से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी नानऊ नहर पुल के पास स्थित एक फार्म हाउस में चल रहे शादी समारोह में भीड़ के बीच छिपे हुए हैं और उनकी बाइक पार्किंग में खड़ी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। भीड़भाड़ के कारण पहचान में दिक्कत आने पर पुलिस ने सादा कपड़ों में घेराबंदी की और बाइक के पास निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही दोनों आरोपी बाहर निकलकर बाइक पर सवार होकर भागने लगे, पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया है कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपू उर्फ दीपेंद्र निवासी सिहौर थाना अकराबाद और दीपक निवासी नगला दयाल हस्तपुर थाना इगलास के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद कर लिया है। दोनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।