नेपाल में मूसलाधार बारिश के बाद आई बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर इंडो नेपाल एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ने गहरी चिंता व्यक्त की है। बाढ़ आने के दौरान अलीगढ़ के दो निर्यातक नेपाल के दो शहरों में थे, जो सशकुल हैं। दोनों नेपाल से अलीगढ़ के लिए बृहस्पतिवार को रवाना होंगे। उन्होंने नेपाल में तबाही का भयावह मंजर बताया।
अलीगढ़ के निर्यातक संजीव सिंघल नेपाल के बुटवल शहर में थे, जो वहां सुरक्षित हैं। नेपाल के शहर नारायण घाट में ठहरे हुए अलीगढ़ के निर्यातक भारत वार्ष्णेय भी बृहस्पतिवार को ट्रेन से वापस देश लौट रहे हैं। इन दोनों के परिजन बाढ़ की खबर मिलने के बाद से चिंतित थे। फोन पर बात होने के बाद उन्होंने राहत की सांस ली।
एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप चौधरी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरी एसोसिएशन नेपाल के कारोबारियों के साथ है। अलीगढ़ से नेपाल के लिए हार्डवेयर और ताला का बड़ा निर्यात होता है। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल व्यापार से जुड़े हजारों व्यापारी, ट्रांसपोर्टर, ड्राइवर और श्रमिक दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को जोड़ने का कार्य करते हैं।
इस आपदा के कारण व्यापारिक मार्गों, परिवहन व्यवस्था और सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्पन्न कठिनाइयों को देखते हुए संबंधित एजेंसियों से आग्रह है कि राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरे किए जाएं।
प्रदीप चौधरी।- फोटो : Self