पुलिस चौकी में शराबियों ने मचाया उत्पात
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के गांव तेवथू के पास बनी पुलिस चौकी में सोमवार को शराबियों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने सिपाही और होमगार्ड से हाथापाई के बाद चौकी में रखीं कुर्सियां भी तोड़ डाली। पुलिसकर्मियों के डॉक्टरी परीक्षण के बाद दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपी अपने-अपने घरों से फरार हैं। अतरौली के छर्रा मार्ग पर राजगांव चौराहे पर तेवथू पुलिस चौकी बनी हुई है। यहां एसआई साविर अली के साथ हेड कांस्टेबिल हरनारायण, होमगार्ड भगवान सहाय की भी तैनाती है।
रविवार की रात हरनारायण और भगवान सहाय पुलिस चौकी से थोड़ी दूर गांव औरेनी दलपतपुर के निकट गश्त पर थे। तभी गांव राजगांव का श्यामू और उसका एक साथी बाइक से अपने गांव जा रहा था। औरेनी कि निकट गश्त पर मौजूद पुलिसकर्मी और होमगार्ड को गाली देने लगे।
इस पर पुलिसकर्मियों से उनकी हाथापाई हो गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों को पकड़ने का प्रयास भी किया मगर वह पुलिस के चंगुल से छूटकर भाग गए। इसके बाद दोनों बदमाश चौकी पर पहुंचे और वहां रखी कुर्सियां तोड़ डाली। पुलिसकर्मियों ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पवार और चौकी इंचार्ज साविर अली मौके पर पहुंचे। कोतवाल ने बताया कि दोनों आरोपियों ने शराब के नशे में पुलिसकर्मियों से अभद्रता की थी। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएंगे। गुंडई करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।