थाना रोरावर के खेरेश्वर चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर बस का इंतजार कर रहे बुजुर्ग के दो बैग चोरों ने उड़ा दिए। बैगों में भात में देने का सामान भरा हुआ था।
थाना महुआ खेड़ा के गांव सुखरावली निवासी धर्मपाल पुत्र बाल मोहन ने बताया कि मथुरा के थाना राया के गांव मिलिक में उसके भांजे की शादी है। इसके लिए वह तीन बैगों में भात का सामान भरकर टेंपो से खेरेश्वर चौराहे पर आया था, जहां से वह राया जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी बीच उसके पास में रखे तीन बैगों में से दो बैगों को बदमाश उड़ा ले गए। दोनों बैग में 61 गिलास, 61 थाल, 17 साड़ियों सहित अन्य सामान रखा था।
धर्मपाल ने बैग गायब देखे तो उसके होश उड़ गए। शोर मचाते हुए आसपास के ठेल-ढकेल वालों के साथ दुकानदारों से जानकारी की लेकिन कोई पता नहीं चला। ट्रैफिक पुलिस कर्मियो ने भी जानकारी मिलने पर बैगों को तलाश लेकिन कोई पता नहीं चला। थाना प्रभारी रोरावर शिवशंकर गुप्ता ने बताया कि इस मामले में जानकारी कराई जा रही है।