मंगलवार की दोपहर करीब बैंंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक लाख 70 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। बदमाशों ने इस वारदात को टैटीगांव रोड पर भानेरा की पुलिया से करीब एक किलोमीटर आगे अंजाम दिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
गांव वाजिदपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद शर्मा उर्फ पप्पू अपने गांव में जनसेवा केंद्र सहित बैंक ऑफ बड़ौदा का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं। मंगलवार की दोपहर वह बैंक शाखा से एक लाख 70 हजार रुपये निकालकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे भानेरा की पुलिया से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचे तभी एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने तमंचे दिखाकर उन्हें रोक लिया। उनके पास मौजूद रुपये, मोबाइल और बाइक की चाबी छीनकर भाग निकले।
राहगीरों की मदद से कोतवाली पहुंचकर पीड़ित ने तहरीर दी। सीओ वरुण सिंह ने कहा कि रास्ते के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही बदमाशों को दबोचा जाएगा।