गभाना थाना क्षेत्र के दिल्ली-कानपुर हाईवे पर 5 अप्रैल रात साढ़े आठ बजे कन्होई कट के पास दो ट्रकों की जोरदार भिडंत हो गई। हादसे में एक ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जेएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया है।
गभाना स्थित अनाज मंडी से एक ट्रक गेहूंं लादकर दिल्ली जा रहा था। जैसे ही ट्रक कन्होई कट के पास पहुंचा तभी सामने से चावल दाना लेकर अलीगढ़ की ओर जा रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों के केबिन के परखच्चे उड गए । थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि हादसे में गेहूं लेकर जा रहे ट्रक के चालक 30 वर्षीय हरिओम पुत्र सोनपाल निवासी दाऊपुर थाना जवां की मौके पर ही मौत हो गई।
साथी क्लीनर 28 वर्षीय जितेंद्र पुत्र ज्वाला प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका एक पैर कट गया है। उसे जेएन मेडिकल काॅलेज भेजा गया है। हादसे की सूचना चालक व क्लीनर के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद दूसरे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद वाहनों की कतार लग जाने से जाम लग गया। जिसे पुलिस ने प्रयास कर खुलवा दिया ।