जिले में प्रशासन की सख्ती के बाद भी राशन की कालाबाजारी थम नहीं पा रही है और लगातार राशन सामग्री की कालाबाजारी होने की शिकायतें मिल रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को बौनेर तिराहे के पास पूर्ति विभाग की टीम ने चावल से भरे एक ट्रक और मैक्स गाड़ी को पकड़ लिया। बरसात के दौरान इनके चालक-क्लीनर और मौके पर मौजूद लोग दोनों वाहनों को खेत मे ही फंसा हुआ छोड़कर भाग गए। माना जा रहा है कि चावल कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा था। इसकी देर रात तक जांच करने के साथ ही थाने में तहरीर देने की तैयारी की जा रही थी।
एसडीएम कोल संजीव ओझा एवं जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय को गोपनीय सूचना मिली कि बौनेर तिराहे के पास से राशन की कालाबाजारी हो रही है। इस पर पूर्ति निरीक्षक पीयूष कुमार को पुलिस- प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। टीम को मौके पर एक मैक्स और ट्रक खड़ा हुआ मिला। इस बीच टीम के पहुंचने से पहले ही उनमें मौजूद चालक-क्लीनर और अन्य लोग मौके से भाग गए। दोनों वाहनों में चावल के बोरे रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि चावल धनीपुर मंडी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति का है। इधर बारिश हो जाने से दोनों वाहन खेत में हुई कीचड़ में फंस गए। जिन्हें देर शाम कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से बाहर निकाला जा सका। देर रात तक चावल के बोरों की गिनती जारी थी। पूर्ति निरीक्षक पीयूष कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों के चावल को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। हालांकि चावल मालिक शिवकुमार ने बताया है कि वह आढ़ती हैं और मंडी से गेटपास के जरिए नियमानुसार चावल को ले जा रहे थे।