गोंडा कस्बे में खैर-इगलास मार्ग पर ट्रक और ट्रैक्टर में हुई भिड़ंत।
- फोटो : samvad
कस्बे में खैर-इगलास मार्ग पर एक बैंक शाखा के सामने शनिवार की सुबह करीब पांच बजे ट्रक और ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक चालक नीतू केबिन में फंस गया, जिसे घंटे भर की मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। ट्रक चालक के पैर में गंभीर जबकि ट्रैक्टर चालक लाखन सिंह के हाथ और पैर में चोटें आईं हैं। इस दौरान करीब तीन घंटे तक कस्बे में उक्त मार्ग पर वाहन रेंगते हुए निकले।
थाना पुलिस के अनुसार गांव गुरसैना निवासी लाखन सिंह ट्रैक्टर ट्राली में धान लाद कर खैर मंडी जा रहे थे। वहीं हाथरस निवासी ट्रक चालक नीतू दिल्ली के नरेला से दाल और चावल लादकर आगरा जा रहे थे। कस्बे में खैर-इगलास मार्ग पर दोनों वाहनों में भिड़ंत हो गई। ट्रक अपने साथ ट्रैक्टर को घसीटते हुए 30 मीटर तक ले गया। इससे ट्रैक्टर में लदा धान सड़क पर बिखर गया।
भिड़ंत की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए। ट्रक में फंसे चालक की चीख-पुकार पर पुलिस को सूचन7ा दी। पुलिस सहित लोगों ने सीट आदि खोलकर करीब घंटे भर बाद उसे बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर दोनों वाहनों को रास्ते से हटवाया।