थाना रोरावर क्षेत्र में मंगलवार रात करीब आठ बजे एक ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रोरावर थाना पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सतनाम (56) पुत्र अजायब सिंह निवासी घुडियाल, जिला जालंधर (पंजाब) के रूप में हुई है।
सतनाम हाथरस में माल उतारने के बाद अपने ट्रक से वापस पंजाब लौट रहा था। मंगलवार को रोरावर थाना क्षेत्र में एक मीट फैक्टरी के समीप स्थित चाय की दुकान पर वह कुछ देर के लिए रुका। उसने दुकानदार से चाय बनाने के लिए कहा, इसी दौरान कुछ ही मिनटों में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रोरावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में ट्रक चालक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। वे बुधवार को अलीगढ़ पहुंचे। शव परिजनों को सौंप दिया गया, परिजन शव को अपने साथ ले गए। कोतवाल महेश कुमार त्यागी ने बताया कि कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। संवाद