दिल्ली-कानपुर हाईवे पर खेरेश्वर चौराहे पर सोमवार रात बल्लभगढ़ से सवारियां लेकर आ रही रोडवेज बस में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में छह लोग घायल हो गए।
इगलास के गांव नगला चमन हरौथा निवासी अलीगढ़ डिपो की बस के चालक अमर सिंह ने बताया कि वह परिचालक खैर के गांव तेहरा निवासी रामकिशन के साथ 20 सवारी लेकर बल्लभगढ़ से अलीगढ़ आ रहे थे। रात करीब 12:30 बजे खेरेश्वर चौराहे पर पहुंचे ही थे गभाना की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस के बीच टक्कर मार दी।
चीख-पुकार को सुनकर स्थानीय लोग, राहगीर और पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक -परिचालक सहित चार घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने में खड़ा करा दिया है। हादसे की खबर सुनकर परिवहन विभाग के अधिकारी भी पहुंच गए। थाना प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि थाने कोई तहरीर नही आई है। दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है।