रोहित बाइक से अतरौली की ओर आ रहे थे। वहीं अतरौली की ओर से ट्रक अलीगढ़ की ओर जा रहा था। नरौना 12 नंबर के पास गलत साइड पर अचानक से ट्रक सामने आ गया। इस पर रोहित ने बाइक में ब्रेक लगाने की कोशिश की, तब तक बाइक फिसल गई और बाइक में फंसे हुए वह ट्रक के अगले हिस्से के नीचे जा गिरे।
अतरौली के रामघाट-कल्याण मार्ग पर नरौना 12 नंबर के पास सामने से ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की सड़क पर गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक में आग लग गई और वह धू-धूकर जल गई। हादसा रविवार सुबह करीब 10 बजे हुआ।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अलीगढ़ शहर के बन्नादेवी थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी रोहित (21) पुत्र रोशनलाल बाइक से अतरौली की ओर आ रहे थे। वहीं अतरौली की ओर से ट्रक अलीगढ़ की ओर जा रहा था। नरौना 12 नंबर के पास गलत साइड पर अचानक से ट्रक सामने आ गया। इस पर रोहित ने बाइक में ब्रेक लगाने की कोशिश की, तब तक बाइक फिसल गई और बाइक में फंसे हुए वह ट्रक के अगले हिस्से के नीचे जा गिरे।
विज्ञापन
इस पर चालक ने ट्रक को पीछे किया और दौड़कर पास पहुंचे लोगों ने बाइक के नीचे फंसे रोहित को उठाकर सड़क किनारे पटरी पर लिटाया, लेकिन बाईं ओर से चेहरा और सिर पूरी तरह फटने से उनकी मौत हो चुकी थी। उधर, बाइक की टंकी के ढक्कन और पाइप के फटने से पेट्रोल बहने लगा जिससे बाइक में आग लग गई। देखते-ही-देखते बाइक आग का गोला बन गई। इससे राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई और वह दूर ही रुक गए।
सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने दमकल को बुलाया। दमकल ने आग पर काबू पाया। कोतवाल सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।