बन्नादेवी थाना क्षेत्र की बर्फखाने वाली गली में सोमवार रात को एक युवक ने पारिवारिक कलह के चलते फांसी के फंदे पर झूलकर जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंपा। मामले में फिलहाल तहरीर नहीं दी गई है।
पेशे से मजदूर 28 वर्षीय धमेंद्र कुमार पुत्र कुंवर पाल निवासी बर्फखाने वाली गली, बन्नादेवी का एक साल पहले विवाह हुआ था। पत्नी से आए दिन परिवार को लेकर अनबन होती थी। सोमवार को धर्मेंद्र का ससुर भी घर पर ही था। तभी पिता-पुत्री से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। इससे आहत होकर वह अपने कमरे में गया और पंखे पर साड़ी का फंदा लगाकर उस पर झूल गया। परिवार वालों ने शव को फंदे पर लटके देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मामले की पड़ताल की तो पारिवारिक कलह की बात सामने आई। थाना इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार दुबे के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया है। परिजनों ने किसी के खिलाफ अभी कोई तहरीर नहीं दी है। अगर, तहरीर मिलती है तो मामले में कार्रवाई की जाएगी।