मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे गालिबपुर मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक चला रहे व्यक्ति समेत दो छात्राएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद कार में फंसकर करीब दो किलोमीटर तक बाइक घिसटती चली गई। इस दौरान निकल रही चिंगारी से दोनों वाहनों में आग लग गई और वह धू-धूकर जल गए । जिसके कारण सड़क पर दोनों ओर वाहनों का आवागमन ठप हो गया।
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे। यातायात सुचारु कराने के लिए पुलिस कर्मियों ने जली कार को सड़क किनारे खंती में धकेल दिया। वहीं पुलिस ने घायलों को छर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां से एक छात्रा की हालत अधिक गंभीर होने पर परिवार वाले निजी अस्पताल ले गए हैं।
गांव गालिबपुर निवासी सत्यपाल सिंह अपनी पांच साल की बेटी मानसी और गांव की ही 10 वर्षीय दिव्या को नगला गुलरिया स्थित एसएसएच इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ने के लिए छोड़ने जा रहे थे। गालिबपुर मोड़ पर गंगीरी की ओर से तेज गति से आई कार ने उनकी बाइक में जबर्दस्त टक्कर मारी।
इससे तीनों उछलकर दूर जा गिरे, वहीं बाइक कार के नीचे चली गई। इस हादसे से घबड़ाया कार चालक भागने की कोशिश में कार को दौड़ता रहा। बाइक भी फंसी हुई घिसटती चली गई। इससे निकली चिंगारी से दोनों गाड़ियों में आग लग गई।
दिव्या के दोनों पैर की हड्डियां टूटीं
घायल सत्यपाल सिंह और उनकी बेटी मानसी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छर्रा में इलाज चल रहा है। उधर साथ मौजूद दिव्या के दोनों पैर की हड्डियां टूट गई हैं। शरीर में और भी कई जगह चोट है।