निजी बस ऑपरेटर यूनियन के पदाधिकारियों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों की शिकायत परिवहन आयुक्त से की है। डग्गामार वाहनों पर अंकुश न लगाने का जिला स्तर के परिवहन अधिकारियों पर आरोप लगाया।
यूनियन के अध्यक्ष गांव सिकंदरपुर निवासी ठाकुर गिर्राज सिंह बाबा ने परिवहन आयुक्त को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा कि अलीगढ़ से जीटी रोड, गंगीरी, कासगंज, छर्रा और सांकरा रूट पर नि जी बसाें का संचालन लंबे समय से हो रहा है। पिछले कुछ समय से इन रूटों पर डग्गामार वाहनों की भरमार हो गई है। डग्गामार वाहनों की वजह से निजी बस संचालकों का खर्च तक नहीं निकल पा रहा है।
आरोप लगाया कि कई बार परिवहन विभाग के स्थानीय अधिकारियों से समस्या बताई जा चुकी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। यूनियन के अध्यक्ष ने बताया कि उनकी शिकायत पर अपर आयुक्त ने जनपद के संबंधित अधिकारियों से पिछले समय में डग्गामार वाहनों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। वहीं डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह परिवहन विभाग के आफिस में बसों के परमिट जमा कर अपनी बसों को वहीं खड़ी कर देंगे।