कोरोना के चलते दिल्ली में 26 अप्रैल तक लगे लॉकडाउन के चलते अलीगढ़-दिल्ली का ट्रांसपोर्ट कारोबार ठप हो गया है। ट्रांसपोर्ट्स ने ट्रक अनलोडिंग में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए बुकिंग बंद कर दी है। यहां के 50 ट्रक दिल्ली में फंसे हैं। ट्रांसपोर्टर इन ट्रकों को अलीगढ़ लाने की जुगाड़ में लग गए हैं। इधर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ और कानपुर में भी वाहनों की आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है। इन शहरों में भी यहां की लगभग 200 गाड़ियां हैं, जिनको बुलाया जा रहा है।
दि गुड्स ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष ठा. अजय पाल सिंह ने बताया कि अलीगढ़ से भारी मात्रा में दिल्ली के लिए हार्डवेयर की सप्लाई होती है। प्रतिदिन करीब 150 ट्रक यहां से जाते हैं। मगर, अब लॉकडाउन के चलते इनकी आवाजाही को बंद कर दिया गया है।
दरअसल, लॉकडाउन के चलते गोदाम और कारखाने बंद हो जाते हैं। ऐसे में यहां से जो गाड़ियां जाती हैं, उनका माल अनलोड़ नहीं हो पाता है। इसके चलते ट्रकों की बुकिंग नहीं की जा रही है। अलीगढ़ के करीब 50 ट्रक वहां माल से लदे हुए फंस गए हैं। उनको वापस बुलाने की व्यवस्था की जा रही है।
अध्यक्ष ने बताया कि प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर और लखनऊ में भी लगभग 200 के करीब वाहन फंसे हैं। इन छोटे बड़े वाहनों को भी वापस बुलाया जा रहा है। जिससे ड्राइवर और क्लीनर को परेशानी न हो। ट्रांसपोर्टर अपने अपने ड्राइवरों से संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि इससे आपूर्ति चेन भी कुछ दिनों के लिए लड़खड़ाएगी।