बारिश का असर हर तरफ दिखाई दे रहा है। पिछले दो दिन से शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाई गईं ज्यादातर ट्रैफिक लाइटें बंद पड़ी हैं और बिना ट्रैफिक लाइटों के वाहन दौड़ रहे हैं। इसे लेकर एसपी यातायात द्वारा स्मार्ट सिटी अधिकारियों को पत्र भेजा गया है, मगर अभी तक स्मार्ट सिटी स्तर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
पिछले दिनों हुई बारिश ने जिले भर में जनजीवन अस्त-व्यस्त करके रख दिया है। इसका असर दो दिन से स्मार्ट सिटी के तहत 20 चौराहों पर लगी ट्रैफिक लाइट और सीसीटीवी कैमरों पर साफ दिख रहा है। अधिकांश ट्रैफिक लाइट बंद हैं। आधा दर्जन से अधिक सीसीटीवी जंक्शन बंद पड़े हैं। बिना ट्रैफिक लाइटों के हाथ के इशारे से यातायात को चौराहों से यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा निकाला जा रहा है।
हालांकि कुछ लाइट दोपहर बाद शुरू कर दिए गए। मगर अभी काफी लाइट बंद हैं। इसके पीछे दलील बैटरी बैकअप और पानी भरना बताया गया है। खुद एसपी यातायात के स्तर से स्मार्ट सिटी के लिए पत्र लिखा है। इस आधार पर टीमें लगातार कैमरों को सही करने में लगी हैं। संकेत हैं कि अभी दो दिन में पूरी तरह ट्रैफिक लाइट दुरुस्त हो पाएंगी।
इन चौराहों की लाइटें हैं बंद
क्वार्सी, सासनी गेट, एटा चुंगी, केला नगर, किशनपुर, तस्वीर महल, एएमयू, दुबे पड़ाव, गांधीपार्क, मैरिस रोड, सेंटर प्वाइंट आदि की लाइटें बंद हैं। इसी तरह आगरा रोड, मथुरा रोड, तालसपुर, गोंडा रोड आदि के सीसीटीवी जंक्शन बंद हैं।
कुछ सीसीटीवी काफी समय से बंद
इस विषय में यह भी उजागर है कि शहर के कई सीसीटीवी जंक्शन काफी समय से बंद हैं। इनके बंद होने की वजह बैटरी बैकअप है। कहा जाता है कि सिर्फ पांच घंटे सीसीटीवी चल पाते हैं। बैटरी बैकअप कमजोर होने के कारण बंद हो जाते हैं। स्मार्ट सिटी को लगातार इस विषय में अवगत कराया गया है।