धनीपुर मंडी से पोलिंग पार्टी की रवानगी के समय एटा रोड पर लगा जाम।
- फोटो : CITY OFFICE
धनीपुर मंडी से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियों को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को रूट डायवर्जन कर रखा था लेकिन वाहनों के आवागमन के कारण जाम लग गया। ऐसे में लोगों को पैदल निकलने में भी बेेहद मुश्किल हुई। जाम में मतदान कार्मिक व उन्हें पोलिंग बूथों पर ले जाने वाले वाहन भी फंसे रहे। ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मी जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करते रहे।
बाद में रही सही कसर धनीपुर मंडी से पोलिंग पार्टियों को लेकर निकले वाहनों ने पूरी कर दी। इससे स्थिति और बिगड़ गई। धनीपुर मंडी से लेकर एटा चुंगी, क्वार्सी बाईपास, कमालपुर रोड, नौरंगाबाद पुल से लेकर दुबे का पड़ाव, अचलताल, मीनाक्षी पुल, जीटी रोड पर बौनेर तक कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी गईं। इसी दौरान कुछ ऑटो, ई-रिक्शा व अन्य वाहन चालकों के देेवी नगला, सरोज नगर समेत आस-पास की कॉलोनियों व संकरी गलियों व मुहल्लों की ओर वाहनों का रुख कर देने से वहां भी जाम लग गया। जाम में फंसे लोग अफसरों को कोसते नजर आए। मंडी से सभी पोलिंग पार्टियों की रवानगी हो जाने के घंटों बाद यहां लगा जाम खुल सका।
पोलिंग पाटियों की वापसी के दौरान वाहनों के आवागमन पर रोक
मतदान के बाद पोलिंग पार्टियां धनीपुर मंडी में ईवीएम व वीवीपैट के साथ बस्ते जमा कराने पहुंचेंगी। इसको लेकर शाम पांच बजे के बाद एटा चुंगी से धनीपुर व बौनेर से एटा चुंगी की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन को रोक दिया जाएगा। केवल पोलिंग पार्टियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट से जुड़े वाहनों को आने -जाने की छूट होगी।