त्योहारी खरीदारी के लिए बुधवार को शहर के बाजारों में जमकर भीड़ उमड़ी। नतीजतन बाजारों में जाम लग गया। रेलवे रोड क्षेत्र में तो हालात ऐसे हो गए कि पैदल निकलने के लिए भी लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आलम यह था कि महिलाओं की गोद वाले बच्चे भीड़ देख विलख पड़े। जैसे-तैसे बच्चों को शांत कराया गया।
शारदीय नवरात्र और विजयदशमी के बाद मंगलवार को बाजार बंद रहा। ऐसे में बुधवार को सुबह 11 बजे से ही बाजार में भीड़ पहुंचने लगी। आलम यह था कि शहर के रामघाट रोड, आगरा रोड और जीटी रोड काफी व्यस्त रहे। सेंटर प्वाइंट, अमीरनिशा, रेलवे रोड, तांगा स्टैंड, बारहद्वारी, फूल चौराहा, ऊपरकोट, कनवरी गंज, गली गुल्लूजी क्षेत्र में दिनभर काफी भीड़ रही। चारों तरफ से अनगिनत वाहन और लोगों के चलते रेलवे रोड जाम रहा। वाहनों के साथ-साथ राहगीर भी धीरे धीरे चल पाए। पैदल निकलने तक की जगह न होने के चलते महिलाएं, युवतियां, बच्चे जहां तहां खड़े रहे। गाड़ियों के हॉर्न का शोर, धुआं और भीड़ देख गोद वाले बच्चे भी विलख पड़े। महिलाओं ने बच्चों को चुप कराने के लिए दुकानों के खिलौने, कपड़े आदि का सहारा लिया। कुछ महिलाएं तो भीड़ में बच्चों के लिए पानी भी मांग रही थी। अधिकतर जाम का कारण बेहिसाब वाहन चलाने के चलते लगा। वहीं ई-रिक्शा में बैठी सवारियां घंटों जाम में फंसी रहीं तो उतरकर उन्होंने भी पैदल निकलना ही उचित समझा। बारहद्वारी, फूल चौराहा, तांगा स्टैंड, सब्जी मंडी क्षेत्र में भी जाम के हालात दिनभर बनते रहे। इस बीच लोगों ने जमकर खरीददारी भी की।
साड़ी, मेकअप का सामान और चूड़ियों की हुई जमकर बिक्री
यूं तो शहर में बुधवार को हर बाजार में भीड़ रही। इलेक्ट्रॉनिक्स सामान से लेकर झालर तक की बिक्री हुई, लेकिन मुख्य रूप से साड़ी, मेकअप का सामान और चूड़ियां खरीदती हुईं महिलाएं हर बाजार में दिखीं। साड़ियों में महिलाओं ने रेडीमेड वीयर, सीक्वेंश साड़ियां, कलकत्ता लाइट वर्क, बैंगलौर, हल्के लांचे, हल्के लहंगे, पैपलम ड्रेसेज और कैटलॉग की साड़ियों की जमकर खरीदारी की। इसके अलावा सभी तरह की सिल्क की साड़ियों की डिमांड भी काफी रही। चूड़ियों के साथ कड़े, झुमके, बिंदी, मेकअप का सामान भी खूब बिका। बुधवार को अच्छी खासी बिक्री होने से दुकानदार भी काफी खुश नजर आए।