अलीगढ़ में थाना मडराक क्षेत्र के आगरा रोड स्थित मुकुंदपुर के पास 8 जुलाई को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरे को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मृतक बाइक से अपने तहेरे भाई के साथ कॉलेज जा रहा था। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
मडराक क्षेत्र के गांव पाली रजापुर निवासी ध्यान पाल सिंह का बेटा विशाल (18) मडराक क्षेत्र के सरस्वती इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा का छात्र था। 8 जुलाई सुबह 10 बजे विशाल अपने तहेरे भाई गौरव को बाइक पर बिठाकर कॉलेज जा रहा था। जैसे ही बाइक से दोनों आगरा रोड स्थित गांव मुकुंदपुर पहुंचे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाई गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। गौरव को उपचार के लिए जेएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया है। सीओ इगलास महेश कुमार ने बताया कि मामले में पीड़ित पक्ष ने मुकदमा दर्ज कराया है। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।