पर्यटन परियोजनाओं को उपयोगिता के आधार पर ही मिलेगी स्वीकृति: मंत्री
अलीगढ़ से प्रदेश के सभी 18 मंडलों की समीक्षा शुरू करते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की विकास योजनाओं को केवल कागजी प्रस्तावों पर स्वीकृति नहीं मिलेगी। प्रत्येक परियोजना का पहले स्थलीय सत्यापन और उपयोगिता का आकलन किया जाएगा। ताकि जन धन का प्रभावी व पारदर्शी उपयोग हो सके। मंत्री ने बताया कि प्रत्येक प्रस्ताव के साथ भूमि अभिलेख, नवीनतम स्थल फोटोग्राफ, व्यावहारिक लागत का आकलन, ऐतिहासिक अथवा धार्मिक महत्व के प्रमाण और स्थानीय जनता व पर्यटकों को मिलने वाले लाभ का स्पष्ट विवरण पेश करना होगा। संबंधित विभाग, जिला प्रशासन और कार्यदायी संस्था की जवाबदेही भी निर्धारित की जाएगी।
उन्होंने लंबित परियोजनाओं को नवंबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण कराने के लिए कहा। जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की जानकारी देने व शिलान्यास-लोकार्पण कार्यक्रमों में शामिल करने के भी निर्देश दिए। सीडीओ योगेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं का प्रतिमाह निरीक्षण कराया जा रहा है। इस दौरान पर्यटन मंत्री ने पर्यटन विकास निगम की ओर से कुछ कार्य समय से प्रारंभ न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और महाप्रबंधक को फटकार लगाई।
ये प्रस्ताव हुए अनुमोदित
बैठक में शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा के प्रस्ताव पर जयगंज स्थित मंदिर मंगलेश्वर महाराज श्री जगन्नाथ प्रसाद के कार्य, राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर के प्रस्ताव पर खैर-सोमना रोड स्थित मां दुर्गा पथवारी मंदिर का विकास, एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह के प्रस्ताव पर गांव दाउदपुर में प्राचीन शिव मंदिर और शनि देव मंदिर के कार्य अनुमोदित किए गए।
छर्रा विधायक रवेंद्र पाल सिंह के प्रस्ताव पर बमनोई में प्राचीन कुलीजारी माता मंदिर, इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी के प्रस्ताव पर माती बसई में वनखंडी महादेव मंदिर, विधायक कोल अनिल पाराशर के प्रस्ताव पर नगला बरौला स्थित प्राचीन शिव मंदिर, विधायक बरौली जयवीर सिंह के प्रस्ताव पर गांव ग्वालरा में प्राचीन पुराने शिव मंदिर के कार्य अनुमोदित किए गए हैं।
इसके अलावा कासगंज अमापुर के ग्राम नवाबगंज स्थित अमर गुरुदेव स्थल, पटियाली स्थित प्राचीन कानसेन मंदिर, कासगंज सदर विधायक देवेंद्र सिंह के प्रस्ताव पर ग्राम नगला पट्टी स्टेडियम के सामने शिव मंदिर, एटा विधायक विपिन कुमार डेविड के प्रस्ताव पर ग्राम दौलपुरा में माता सती मंदिर, विधायक मारहरा वीरेंद्र सिंह लोधी के प्रस्ताव पर ग्राम दतेई में माता काली मंदिर एवं बजरंगबली मंदिर, विधायक संजीव कुमार दिवाकर के प्रस्ताव पर ग्राम बछेपुरा में प्राचीन दुर्गा मंदिर से जुड़े कार्य अनुमोदित किए गए हैं।
विधायक अलीगंज सत्यपाल सिंह राठौर के प्रस्ताव पर रघुनाथ मंदिर, हाथरस में विधायक अंजुला सिंह माहौर के प्रस्ताव पर ढकपुरा रोड आर्य समाज मंदिर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा के प्रस्ताव पर ग्राम नगला विजन बरमई में लक्ष्मी नारायण मंदिर, पुरदिल नगर में ललिता माता मंदिर, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार सिंह के प्रस्ताव पर ग्राम मीरपुर में राधा कृष्ण मंदिर संत वाटिका, हाथरस सांसद अनूप प्रधान के प्रस्ताव पर ग्राम परसारा में परशुराम आश्रम से जुड़े कार्य अनुमोदित किए गए।