करीब 75 दिनों से लापता जेएनयू छात्र नजीब का अब तक पता नहीं लगने से नाराज एएमयू के छात्र शनिवार को अलीगढ़ जंक्शन पहुंचकर रेल रोकेंगे। पुलिस-प्रशासन एवं एएमयू इंतजामिया द्वारा समझाने के बावजूद छात्र अपने आंदोलन के निर्णय पर अडिग हैं। छात्रों के आंदोलन को देखते हुए प्रशासन चौकन्ना है। रेलवे स्टेशन पर भारी सुरक्षा इंतजाम किया जा रहा है। छात्रों की घोषणा से दिल्ली से लेकर इलाहाबाद तक हलचल है।
एएमयू छात्र संघ के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से मौलाना आजाद लाइब्रेरी से मार्च निकाला जाएगा। छात्र अपने हाथ में तिरंगा एवं एएमयू का झंडा लेकर कैंपस से निकलेंगे। छात्रों के चेहरे पर नजीब का मास्क होगा। अलीगढ़ जंक्शन पहुंचकर 12 से लेकर सांय 5 बजे तक रेल रोकने की योजना है।
आंदोलन में वीमेंस कॉलेज की छात्राओं के साथ ही बाहर के छात्रों को भी शामिल किया जा रहा है। भीड़ अनियंत्रित न हो, इसके लिए छात्र संघ द्वारा रस्सी का बंदोबस्त किया जा रहा है। छात्र संघ अध्यक्ष फैजुल हसन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उनका कहना है कि हमें पुलिस एवं प्रशासन से झगड़ना नहीं है।
इस आंदोलन के लिए लाठी पड़े या जेल जाना पड़े, हम तैयार हैं। आंदोलन की सफलता के लिए कैंपस में जगह-जगह पोस्टर के साथ-साथ बैनर भी लगाये गये हैं। हॉलों में भी संघ के पदाधिकारी छात्रों से संपर्क कर रहे हैं। छात्रों के रुख से एएमयू एवं जिला प्रशासन का टेंशन बढ़ गया है। प्रॉक्टर प्रो. एम मोहसिन खान ने बताया कि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी संपर्क में हैं। हमलोग छात्रों को समझाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं।