जेएन मेडिकल में मां के लिये ऑक्सीजन का सिलेंडर लेकर जाते बेटे।
- फोटो : CITY OFFICE
अमर उजाला ब्यूरो, अलीगढ़।
जिले के लिए शनिवार को जहां मोदीनगर स्थित आइनॉक्स कंपनी के प्लांट से 10 टन गैस मिल गई। रविवार को फिर से गैस की किल्लत हो गई। कंपनी गैस की आपूर्ति नहीं कर सकी। देर रात तक जिले के पास सिर्फ तीन टन गैस बाकी रह गई।
इसमें से भी अधिकांश मात्रा रात में खत्म हो गई। अगर, सोमवार यानी आज सुबह तक गैस नहीं मिली तो जिले को पूरा दिन सिर्फ राधिका एयर गैस से मिलने वाले 200 सिलिंडरों के सहारे काटना होगा। ऐसा में ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती गंभीर मरीजों के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है।
ड्रग इंस्पेक्टर हेमेंद्र चौधरी रविवार दोपहर को मोदी नगर के लिए रवाना हो गए। वह देर रात तक आइनॉक्स कंपनी के प्लांट पर रुके। मगर, गैस की व्यवस्था नहीं हो सकी। इतना ही नहीं, अलीगढ़ सहित बरेली, आगरा व अन्य जिलों को भी इसी प्लांट से आपूर्ति हो रही है। उन जिलों को भी ऑक्सीजन गैस नहीं पहुंच सकी है। सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह के मुताबिक हर परिस्थिति में सोमवार तक ऑक्सीजन गैस का इंतजाम कर लिया जाएगा।