जिले के सबसे बड़े थोक बाजार महावीरगंज में मंगलवार सुबह सात से 11 बजे तक दुकानें खुली और शहरी फुटकर दुकानदार से लेकर देहात तक के दुकानदारों ने खरीदारी की। इस बाजार में हमेशा मंगलवार की साप्ताहिक बंदी रहती है, इसलिए दर्जनों दुकानदार बंदी का अंदाजा लगा कर नहीं पहुंचे थे, लेकिन बाजार खुला था। ईद के मद्देनजर बुधवार को यहां भीड़ होने की उम्मीद है।
अलीगढ़ किराना कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया कि सोमवार को स्थानीय महावीरगंज पुलिस चौकी के कर्मियों के साथ हुई कहासुनी का असर मंगलवार को भी रहा। पुलिस कर्मी आए लेकिन अधिकारियों के निर्देश के कारण कुछ नहीं कर पाए। बाजार यथावत खुला है और आगे भी खुलेगा।
बुधवार को भीड़ की आशंका को देखते हुए दुकानदारों को कुछ सलाह दी गई है। दुकानों के आगे रस्सी बांधना है। ग्राहकों को वहां इंतजार नहीं कराना है। ग्राहकों को दाऊ जी मंदिर और कपड़ा बाजार में वाहन लगाने के लिए बताना है, जिससे महावीरगंज थोक बाजार में भीड़भाड़ कम हो।
लोगों को सामाजिक दूरी का पालन कराते हुए सामान देना है। ग्राहकों से पर्ची लेकर उनको एक तयशुदा समय देकर बुलाया जाएगा। जिसके बाद उनको लिखवाया गया माल देकर विदा किया जाए। एक एक ग्राहक को सामान देकर विदा करना है, जिससे भीड़ न हो।