कस्बा के मोहल्ला बोहरान में एक युवक ने रौब गालिब करने के लिए पहले एक दुकानदार को तमंचा लेकर धमकाया। मुकदमा दर्ज होने पर दूसरे दिन फायरिंग कर चुनौती दे डाली। पुलिस ने वीडियो वायरल होने पर रविवार को दूसरा मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।
कस्बा के मोहल्ला बोहरान निवासी पवन कुमार की घर के बाहर परचून की दुकान है। पवन का आरोप है कि 22 जुलाई की शाम लगभग सात बजे मोहल्ला अहीरपाड़ा निवासी लखन यादव ने अपने तीन साथियों के साथ दुकान पर दबंगई दिखाते हुए गाली-गलौज कर तमंचा दिखाया और जान से मारने की धमकी दी, इस पर उन्होंने मुकदमा दर्ज करा दिया था। पवन का आरोप है कि पुलिस से शिकायत की खुन्नस में आरोपी लखन ने 23 जुलाई की रात दो बजे घर के बाहर फायर झोंक डाला। इस मामले में वीडियो देखने के बाद पुलिस ने दूसरा मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद से दुकानदार का परिवार दहशत में है। थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने दबिश भी दी है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।