ईद पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चार एसपी, 13 क्षेत्राधिकारी, 50 निरीक्षक, 250 उपनिरीक्षक, 350 मुख्य आरक्षी 2000 आरक्षी, 300 महिला, 200 आरक्षी रिक्रूट आरक्षी, चार कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, एक कंपनी रिजर्व, 15 क्यूआरटी, 150 क्लस्टर मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी।
ईद- उल-अजहा (बकरीद) पर शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा और हरेक गतिविधि पर पैनी नजर रखेगा। महानगर में ईद की नमाज के दौरान हल्के, भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि वे इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
विज्ञापन
देर शाम डीआईजी शलभ माथुर, एसएसपी कलानिधि नैथानी के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने ऊपरकोट, देहलीगेट समेत कई मिश्रित आबादी वाले इलाकों में गस्त किया और लोगों से त्योहार पर आपसी भाईचारा एवं शांति व सौहार्द्रपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कि किसी तरह की शरारतपूर्ण बयानबाजी करने से पीछे रहें। अफवाह फैलाने, अमन चैन एवं शांति व्यवस्था को बिगाड़ने वालों से जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ सख्ती की जाएगी। व्यक्तिगत विवाद को सामुदायिक विवाद का नाम न दिया जाए।
उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता बरती जाएगी। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि पुलिस ने दंगा नियंत्रण उपकरण व रूफ टॉप सुरक्षा से लैस पुलिस कर्मियों का दस्ता तैयार किया है। ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को टियर गैस, दूरबीन हैंडसेट आदि उपलब्ध कराए जाएंगे। एसएसपी ने कहा कि शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। शाम को नवागत डीआईजी शलभ माथुर ने एसएसपी संग शाहजमाल ईदगाह व आसपास के बाजारों में भ्रमण कर सुरक्षा इंतजाम देखे। इस दौरान एसपी सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ आदि अधिकारी मौजूद रहे।
ईद पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चार एसपी, 13 क्षेत्राधिकारी, 50 निरीक्षक, 250 उपनिरीक्षक, 350 मुख्य आरक्षी 2000 आरक्षी, 300 महिला, 200 आरक्षी रिक्रूट आरक्षी, चार कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, एक कंपनी रिजर्व, 15 क्यूआरटी, 150 क्लस्टर मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा जनपद के थानों को अतिरिक्त 200 पुलिसकर्मी, पांच कंपनी पीएसी आवंटित की गई है। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी।
मुस्लिम इलाकों के बाजार हुए गुलजार, देर रात तक उमड़ी भीड़
ईद-उल-अजहा को लेकर मुस्लिम इलाकों के बाजारों में खरीदारों की भीड़ बुधवार को देर रात तक उमड़ती रही। नमाज पढ़ने के लिए लोगों ने जहां नए कुर्ता - पायजामा की खरीदारी की तो महिलाओं ने आर्टिफिशियल आभूषण, कपड़े, बुर्के आदि खरीदे। बच्चों ने भी अपनी पसंद के कपड़े खरीदे। ईद को लेकर ऊपरकोट, देहलीगेट, सासनीगेट, जयगंज, तुर्कमानगेट, हाथीपुल, अमीर निशा, मेडिकल रोड, दोदपुर आदि इलाकों में बाजार देर रात तक गुलजार बने रहे।
सड़कों पर नहीं क्षेत्रीय मस्जिदों में पढ़ें नमाज - डीएम-एसएसपी
डीएम इंद्र विक्रम सिंह व एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा है कि ईद पर स्थानीय मस्जिदों में ही नमाज हो और सड़कों पर नमाज न पढ़ी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति सड़क पर नमाज नहीं पढ़ेगा। सख्ती से इसका अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न दी जाए। उन्होंने नगर निगम समेत समस्त ईओ एवं एसडीएम को निर्देशित किया कि साफ-सफाई एवं पानी की समुचित व्यवस्था रखी जाए। कुर्बानी के उपरांत अवशेष ढ़ककर ले जाए जाएं, गाड़ी से कहीं गिरे नहीं ताकि दूसरे समुदाय की भावनाएं आहत न हों।