टीएडी पैसेंजर में सवार होकर भाभी के साथ खुर्जा जा रहे युवक को भाभी से छेड़खानी के विरोध पर ट्रेन से धक्का दे दिया गया। वह तो गनीमत कि यह हरकत शौहदों ने उस समय की, जब ट्रेन महरावल स्टेशन पर रुकने के लिए धीमी गति में थी।
इसलिए युवक के गंभीर चोट नहीं आई। वरना हादसा बड़ा हो सकता था। इससे पहले कि उसके साथ ट्रेन में सवार महिलाएं कुछ समझ पातीं, ट्रेन आगे रवाना हो गई। बाद में जख्मी युवक जिला अस्पताल पहुंचा, जहां इलाज कराने के बाद युवक अपने घर चला गया। इस मामले में किसी तरह की शिकायत पुलिस से नहीं की गई है।
वाकये के अनुसार फिरोजाबाद निवासी एक युवक का एक दिसंबर को खुर्जा निवासी युवती से निकाह हुआ है। निकाह के बाद देवर अपने परिवार की एक अन्य महिला के साथ भाभी को छोड़ने टीएडी में सवार होकर खुर्जा जा रहा था।
ट्रेन सुबह करीब नौ बजे अलीगढ़ से चलने के बाद महरावल स्टेशन की ओर बढ़ रही थी, तभी उसमें सवार कुछ छात्रों ने उसकी भाभी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस बात का भाभी के साथ मौजूद देवर ने विरोध शुरू किया तो उसके साथ छेड़छाड़ करने वाले युवकों ने मारपीट कर दी और महरावल पर ट्रेन की गति धीमी होने पर उसे ट्रेन से धक्का देकर गिरा दिया।
ट्रेन से गिरने से युवक के माथे समेत शरीर में चोट आ गई। इससे पहले कि महिलाएं मदद के लिए आगे आतीं, तब तक ट्रेन चल दी। फिर उसने भाभी को फोन पर खुर्जा पहुंचने के लिए कहा और खुद वहां मौजूद यात्रियों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचा, जहां उसने अपना इलाज कराया।
इस संबंध में युवक ने किसी को शिकायत नहीं दी है। वहीं इंस्पेक्टर जीआरपी यशपाल सिंह ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।