थाना क्षेत्र में सिहौर रजबहे पुलिया के पास बुधवार की सुबह पुलिस ने अर्टिगा कार सवार तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, इनमें एक अरविंद के पैर में गोली लगी है। उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती में कराया गया है। गिरफ्तार बदमाश हार्डवेयर कारोबारी और शराब की दुकान के सेल्समैन से लूट की घटनाओं में शामिल थे।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अरविन्द उर्फ नंगा निवासी छौक थाना हाथरस जंक्शन, रीतेश उर्फ धोनी निवासी निनामई थाना सासनी जनपद हाथरस, योगेश निवासी सावंती नगला, थाना सहावर कासगंज के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान इनके पांच साथी मौके से भाग गए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी गर्वित सिंह ने बताया है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि छह दिन पहले हुई लूटपाट की वारदात में शामिल बदमाश विजयगढ़ पटरी से होते हुए जीटी रोड की ओर आ रहे हैं, जिसके बाद पुलिस बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे सिहौर पुलिया पर चेकिंग कर रही थी।
पुलिस ने टार्च की लाइट से विजयगढ़ की ओर से आ रही कार को रोकने की कोशिश की, तभी कार सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, पुलिस की ओर की गई जवाबी फायरिंग के बाद बदमाश भागने लगे, इस दौरान हड़बड़ाहट में बदमाशों की कार पुलिया से टकराकर रुक गई। भागते बदमाशों में से एक पैर में गोली लगने के कारण गिर गया। पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों को पीछा कर दबोच लिया। इनके पांच साथी मौके से भाग गए।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने सात अगस्त को पिलखना निवासी हार्डवेयर व्यापारी करीब एक लाख एवं पांच अगस्त को गांधी पार्क क्षेत्र में शराब की दुकान के सेल्समैन से एक लाख रुपये लूटे थे।
हाथरस के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है रीतेश और अरविंद
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक आरोपी रीतेश पर 43 एवं अरविंद उर्फ नंगा के खिलाफ 18 मुकदमे अलग-अलग जिलों में दर्ज हैं। लूटी नकदी से 39,200 रुपये, घटना में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार और तीन तमंचे, छह कारतूस और दो खोखे, एक एप्पल फोन बरामद किए हैं। कार पर हरियाणा नंबर की प्लेट लगी है, पुलिस कार के बारे में भी छानबीन कर रही है।