अलीगढ़ के जवां क्षेत्र में अनूपशहर रोड पर शुक्रवार देर शाम टाटा मैजिक पलटने से टैंपो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि ढाई दर्जन लोग जख्मी हुए हैं। ये लोडर सवार लोग राजघाट गंगा घाट से अस्थी विसर्जित कर लौट रहे थे। तभी जवां बाईपास पर सामने से आते वाहन को बचाने के फेर में टैंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
हरकत में आई पुलिस और प्रशासनिक टीम ने घायलों को जिला मुख्यालय के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया। जहां देर रात तक उनका इलाज जारी था, जबकि तीन शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शहर के बन्नादेवी क्षेत्र के नगला कलार में बुजुर्ग राजाराम (75) की 13 दिन पूर्व मौत हो गई थी। शुक्रवार को 14वें दिन परिवार और रिश्तेदारी के 34 सदस्य भाड़े पर लोडर टैंपो करके अस्थी विसर्जित करने राजघाट गए थे। देर शाम साढ़े आठ बजे लौटते समय सीडीएफ और जवां के बीच बाईपास पर सामने से आते ट्रक से खुद टैंपो चालक ने बचाया।
इसी बीच ट्रक को ओवरटेक करता हुआ सामने से दूसरा वाहन आ गया। इस पर टैंपो चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क सहारे गड्ढे में पलट गया। टैंपो सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। खबर पर जवां पुलिस और एंबुलेंस पहुंच गई। उसमें फंसे घायलों को दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय, जिला अस्पताल भेजा गया। मृत राजाराम के पुत्र दर्शन (40), उनके मोहल्ले में ही रहने वाले समधी भगवानदास उर्फ कलुआ (65), दिल्ली सीमापुर निवासी बेटी की सास कुसमा देवी (55) को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। बाकी घायलों का इलाज चल रहा है, दो घायलों की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।
जवां क्षेत्र में हुई दुर्घटना में तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू कराते हुए घायलों का इलाज कराया जा रहा है। तीन लोगों की मौत की पुष्टि डॉक्टरों के स्तर से की गई है। बाकी कार्यवाही की जा रही हैं।
मुनिराज, एसएसपी