इंस्टाकार्ट ग्रुप के मैनेजर ने रोरावर थाने में तीन आईफोन हड़पने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। डिलीवरी बॉय ने फर्जी तरीके से यह फोन बुक किए और उसके बाद डिलीवरी पहुंचाने के नाम पर पैकेट से तीनों फोन निकाल लिए। इसके बाद खाली पैकेट कंपनी को यह कहकर वापस कर दिए कि बुक कराने वाले अब इनको लेना नहीं चाहते हैं। जब पैकेट खोलकर देखे गए तो उनमें साबुन रखे हुए थे। तीनों फोन की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाकार्ट के मैनेजर राकेश कुमार शर्मा ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि नादा वाजिदपुर निवासी मोनू कुमार को डिलीवरी के लिए रखा था। 31 मई को उसे अलग-अलग पतों पर तीन आईफोन पहुंचाने के लिए दिए थे। उसने कुछ कुछ दिनों बाद तीनों पैकेट कंपनी को वापस कर दिए। जब सीलबंद पैकेट खोलकर देखा गया तो तीनों में आईफोन की जगह डिटर्जेंट साबुन रखे मिले। जब मोनू से पूछताछ की तो उसने सही जवाब नहीं दिया। जब ऑनलाइन आईफोन मंगवाने वाले ग्राहकों के नंबरों पर फोन मिलाया तो सबके नंबर बंद मिले। जिससे स्पष्ट हो गया कि मोनू ने ही फर्जी तरीके से इनकी बुकिंग कराई थी। प्रभारी कोतवाल अवधेश कुमार ने बताया कि मैनेजर राकेश की तहरीर पर मोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।