महानगर के नौरंगाबाद इलाके में सोमवार शाम एक सेवानिवृत्त एडीओ कृषि की लापरवाही से ही चोर उनकी बाइक की डिक्की से तीन लाख रुपये उड़ा ले गए। जब उन्हें भनक लगी तो पैरों तले जमीन खिसक गई। खबर देकर पुलिस बुला ली गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वाकये के अनुसार डोरी नगर कुंदन नगर गांधीपार्क निवासी चंद्रपाल सिंह कृषि विभाग में एडीओ के पद से सेवानिवृत्त हैं। सोमवार दोपहर को उन्होंने सेंटर प्वाइंट स्थित पीएनबी शाखा से तीन लाख रुपये निकाले और रुपये अपनी बाइक की डिक्की में रखकर घर पहुंच गए। इसके बाद पांच बजे करीब वह बाइक लेकर नौरंगाबाद में एक दुकान से कोल्डड्रिंक खरीदने भी आए। जब यहां आए तो डिक्की में रुपये इसी तरह रखे थे। बाइक दुकान के सामने खड़ी कर वह कोल्डड्रिंक खरीदने लग गए।
इसी बीच किसी ने उनकी डिक्की से रुपयों का थैला पार कर दिया। जब वापस मुड़े तो डिक्की खुली देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसमें से थैला गायब था। इस सूचना पर एसओ गांधीपार्क आदि पहुंच गए। काफी देर तक पुलिस जांच में जुटी रही और पुलिस को उनके सवालों के जवाब नहीं मिल पा रहे हैं। एसओ के अनुसार जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।