हाईस्कूल में 7848 परीक्षार्थियों ने छोड़ा गणित का पेपर
अलीगढ़ में यूपी बोर्ड हाईस्कूल के गणित विषय की परीक्षा 7848 परीक्षार्थियों ने छोड़ दी। गणित विषय के लिए पंजीकृत 45483 में से 37635 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 7848 अनुपस्थित रहे। परीक्षा शुरू होने से पूर्व परीक्षार्थियों के अभिलेखों का सत्यापन किया गया।
कल होगी यूपी बोर्ड में इंटर के अंग्रेजी विषय की निरस्त परीक्षा
अलीगढ़ में यूपी बोर्ड में इंटर के अंग्रेजी विषय की निरस्त परीक्षा बुधवार को होगी। पहली पाली में सुबह आठ बजे से निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी। 30 मार्च को पेपर लीक होने के चलते अंग्रेजी विषय की परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि बुधवार को 30 मार्च की दूसरी पाली में निरस्त अंग्रेजी विषय नया व पुराना पाठ्यक्रम की परीक्षा होगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षा केंद्रों पर औसत उम्र से ज्यादा दिखने वाले परीक्षार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, आंतरिक सचल दल, अवमोचक, कंप्यूटर ऑपरेटर, बंडल वाहक, लिपिक आदि के हस्ताक्षर युक्त उपस्थिति पंजिका स्टेटिक मजिस्ट्रेट से प्रमाणित कराने के बाद स्कैन की पीडीएफ कॉपी बुधवार तक उन्हें व्हाट्सएप पर उपलब्ध कराएं।