घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दहीवाली गली की है। सोमवार रात मोहल्ला खाईडोरा निवासी शान का जन्मदिन था। दोस्तों ने जन्मदिन मनाने के लिए उसे दहीवाली गली बुलाया था। रात में तीन बाइक पर करीब 10 से 12 युवक वहां पहुंचे। सड़क पर केक काटा गया। कुछ देर बाद जश्न का अंदाज अचानक बदल गया। आरोप है कि युवकों में से एक ने तमंचा निकाला और हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोली चलने की आवाज से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे लोग सहम गए और कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया। कुछ लोग अपने फोन से वीडियो बनाने लगे। इसी वीडियो में केक काटने से लेकर फायरिंग तक का घटनाक्रम कैद हो गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस को मामले की जानकारी मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और देर रात दबिश देकर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुभान निवासी चंदन शहीद तिराहा, मोहसिन निवासी सराय मियां, थाना देहली गेट और अल्तमस निवासी टीला ऊपरकोट के रूप में की है। सीओ प्रथम संजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।