थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता संग छेड़खानी की सूचना पर पहुंची पुलिस पर सोमवार रात हुए जानलेवा हमले के तीन आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। फरार नामजदों की तलाश जारी है।
पीआरवी गाड़ी 0752 पर तैनात सिपाही अजवीर की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में 9 लोगों को नामजद किया गया है, इसमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। नामजद आरोपियों में से पुलिस टीम ने मंगलवार तड़के तीन को पकड़ लिया। इसमें गुड्डा उर्फ महाराज सिंह, उसका बेटा मिथुन और साला छबिराम शामिल है।
सुबह 11 बजे के करीब क्षेत्राधिकारी अतरौली सर्जना सिंह थानाध्यक्ष धीरज कुमार और अतरौली इंस्पेक्टर विजयकांत शर्मा समेत पुलिस बल के साथ दबिश देने गांव पहुंचीं, जहां सभी नामजद फरार थे। उनके घरों पर ताले लटके मिले। ग्रामीणों में चर्चा है कि रात में फायर की भी आवाज आई थी, हालांकि पुलिस अभी फायरिंग की घटना पर अनभिज्ञता जाहिर कर रही है।
बता दें कि गांव की एक महिला ने सोमवार रात आठ बजे करीब पुलिस को छेड़खानी की सूचना देते हुए गांव के कुछ लोगों पर आरोप लगाया था। जब पीआरवी संख्या 752 पर तैनात सिपाही अजवीर और विशाल कौशिक महिला के पास पहुंचे और उसके बाद आरोपियों से पूछताछ करने उनके घर गए तो आरोपियों ने हमलाकर दिया।
सिपाही अजवीर के अनुसार आरोपी और उनके परिवार के लोग इकट्ठा हो गए काफी समझाने पर नहीं माने। गालीगलौज और मारपीट कर दी। नामजद महाराज सिंह चीखकर बोला पुलिस रोज रोज आ जाती है, आज इनका काम तमाम कर दो। इसके बाद किसी ने उनके ऊपर फायर झोंका दिया, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इस दौरान उनका सीयूजी फोन और अजवीर का निजी फोन गिरा गया, वर्दी पर लगी नेमप्लेट व बैज नोंच डाले, वर्दी फाड़ डाली, मुश्किल से जान बचाकर वह थाने पहुंचे।
इनके विरुद्ध हुआ मुकदमा दर्ज...
गुड्डा उर्फ महाराज सिंह, पत्नी तारावती, बेटी चंचल, मिथुन, मेघा, भोला पुत्र रमेश, किताब श्री, अनीस पुत्र कबीर व छवि राम समेत कई लोग अज्ञात हैं।
छेड़खानी पीड़िता की ओर से छह नामजद
हरदुआगंज। इस मामले में छेड़खानी पीड़िता की ओर से भी पुलिस ने रात साढ़े ग्यारह बजे मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला के अनुसार वह तालानगरी में नौकरी करने जाती है। इस दौरान रस्ते में कई दिन से आरोपी अश्लील फब्तियां कर छेड़खानी करते थे। इसमें गुड्डा उर्फ महाराज सिंह, उसका पुत्र मिथुन, पत्नी त्रिवेणी, बेटी चंचल, छविराम, किताब श्री पत्नी अमर सिंह के विरुद्ध जान से मारने की धमकी, मारपीट और छेड़खानी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। संवाद