शुक्रवार को अलीगढ़ सेक्शन में रेलवे का मेगा पॉवर और ट्रैफिक ब्लॉक नौ घंटे तक रहा, जिससे रेलवे की पूरी यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। कई ट्रेनों को टूंडला आगरा फरीदाबाद के रूट से दिल्ली भेजा गया। ईएमयू और बरेली पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी अलीगढ़ से नहीं हुआ।
हजारों मुसाफिराें को सुबह अलीगढ़ स्टेशन से लौटना पड़ा। पूछताछ पर ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए मुसाफिरों की लंबी भीड़ लगी रही। शाम सात बजे के बाद यातायात सामान्य हुआ और मुसाफिरों को राहत मिली। शनिवार को 14 ट्रेनें अलीगढ़ नहीं आएंगी इन ट्रेनों का रूट डायवर्ट रहेगा।
सोमना से ईएमयू, मंजूरगढ़ी से चलीं बरेली पैसेंजर
मेगा ब्लॉक के चलते 64152, 51 अलीगढ़-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन (ईएमयू), अलीगढ़-पलवल ईएमयू का संचालन सोमना स्टेशन से हुआ। 64165, 64154 ईएमयू पैसेंजर ट्रेन सासनी स्टेशन से आई और वहीं से ही वापस लौट गई। इसके साथ ही बरेली पैसेंजर ट्रेनाें का संचालन मंजूरगढ़ी से यथावत चलता रहा।
30 फीसदी खाना बना कम
पहले से खबरदार कैंटीन संचालकों ने करीब 30 फीसदी कम खाना बनवाया। यात्रियों की संख्या में खासी गिरावट आने से जो खाना बनाया गया था उसमें से भी बच गया। पूरे दिन वेंडर खाना लेकर इधर से उधर घूमते रहे, जनता खाने के पैकेट भी कम बिके।
102 रिजर्वेशन टिकट हुए रद्द
यात्रियाें ने सुबह से ही रिजर्वेशन टिकट रद्द कराने शुरू कर दिए। शाम तक करीब 102 आरक्षित टिकट रद्द कराए। जिन लोगों को इन ट्रेनों के रूट डायवर्ट होने की जानकारी पहले से हो गई थी, उन्होंने समय से टिकटें रद्द करा दी थीं।
दोपहर तक बिके 500 रुपये के टिकट
रेलवे अफसरों ने सुबह ही साधारण टिकट काउंटर पर सूचना भेज दी कि अप साइड दिल्ली रूट पर ट्रेनों का संचालन सुबह 9.30 के बाद शाम 6.30 नहीं होगा, जबकि डाउन साइड हावड़ा रुट पर ट्रेनों का समय पता करने के बाद ही यात्रियों को टिकट दें। दोपहर एक बजे तक एक काउंटर पर हर रोज हजारों रुपये की टिकट बिकती है, शुक्रवार को 500 रुपये की ही टिकट बिक सकी।