थाना लोधा क्षेत्र के गांव नगला दानसहाय में मंगलवार सुबह नौ बजे दिनदहाड़े बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाकर सोने चांदी के जेवर और 30 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। खेत से भूसा लेने गए परिवार को वापस आने पर घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है।
नगला दानसहाय निवासी चेतन शर्मा पुत्र भगवती प्रसाद के परिजनों ने बताया कि वह सुबह परिवार के लोगों के साथ भूसा लेने खेत पर गए थे। वापस लौटे तो घर के अंदर की अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये की नकदी गायब थी। पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर लोधा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। एसओ लोधा अंकित सिंह ने बताया कि थाने में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी। संवाद