अलीगढ़ की तहसील कोल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने एक बार फिर दुस्साहस का परिचय दिया है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवकाश के दिन जब पूरा शहर पर्व के उल्लास में डूबा था, तब चोरों ने वकीलों के चैंबरों को अपना निशाना बना डाला। अवकाश के सन्नाटे का फायदा उठाकर अज्ञात चोर चैंबरों से कीमती एसी के कॉपर पाइप उखाड़ कर फरार हो गए।
मामला दर्ज कराते हुए बार एसोसिएशन के महासचिव रामवीर सिंह एडवोकेट ने बताया कि इस बार उनके खुद के चैंबर के साथ-साथ साथी अधिवक्ताओं अर्जुन सिंह एडवोकेट और जिया उर्रहमान एडवोकेट के चैंबरों से एसी के कॉपर पाइप चोरी हुए हैं। वकीलों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है; इससे पहले 17 अगस्त को भी ऐसी ही चोरी की घटना हुई थी, जिसकी रिपोर्ट थाना बन्नादेवी में दर्ज कराई गई थी। लेकिन पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण आज तक एक भी चोर पकड़ा नहीं जा सका है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
अधिवाक्ताओं के विरोध और लिखित तहरीर के आधार पर थाना बन्नादेवी में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। क्षेत्राधिकार द्वितीय धनंजय कुमार के मुताबिक मामले की जांच उपनिरीक्षक सुधीर कुमार को सौंपी गई है। पुलिस तहसील परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की जल्द से जल्द पहचान की जा सके।