गांव महगौरा और माजरा नगला खूबा में नलकूपों से चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और 5500 रुपये बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी प्रिया चौधरी ने बताया है कि उपनिरीक्षक नितिन चौधरी, कांस्टेबल अभिषेक कुमार व अब्दुल कलाम की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दरगवां बिजलीघर के पास लोकेश निवासी महगौरा को पकड़ा। तलाशी में उसकी जेब से 5500 रुपये मिले। पूछताछ में उसने साथी सागर के साथ नलकूपों से केबल, स्टार्टर की कॉइल, बैटरी, स्प्रे मशीन और अन्य सामान चोरी करना स्वीकार किया। इंजन ट्राली और पुली काउंटर पिसावा के शरीफ व चंडौस के फरीद कबाड़ी को बेचने की बात बताई। पुलिस ने दोनों दुकानों से सामान बरामद कर लिया। मामले में लोकेश, शरीफ व फरीद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।